अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टेस्ट में हार के करीब ऑस्ट्रेलिया, 100 रन से पहली ही हुई ऑल आउट
Table of Contents
South Africa vs Australia: ऑस्ट्रेलियाई टीम दक्षिण अफ्रीका के दौरे पर है और इस समय दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जा रही है। डरबन में ऑस्ट्रेलिया का दबदबा देखने को मिला और उसने पहला टेस्ट 214 रन के अंतर से जीता, लेकिन अब ग्केबेरहा में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट में कंगारुओं पर हार का खतरा मंडरा रहा है।
इस मैच के पहले दो दिन बारिश की वजह से काफी समय बर्बाद हुआ और लग रहा था कि मुकाबले में अब ड्रॉ के अलावा और कोई विकल्प नहीं रहेगा, लेकिन दक्षिण अफ्रीका के शानदार प्रदर्शन ने मैच में जान फूंक दी। अब लग रहा है कि ऑस्ट्रेलियाई टीम पारी से हार सकती है।
दक्षिण अफ्रीका की पहली पारी के जवाब में ऑस्ट्रेलिया 99 पर ऑल आउट

टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लेने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम (Australian Team) ने दक्षिण अफ्रीका को शुरुआत में सस्ते में ढेर करने की कगार पर ला दिया था लेकिन इसके बाद प्रोटियाज बल्लेबाजों ने जबरदस्त प्रदर्शन किया और टीम ने 425/9 का स्कोर बनाया। इसके बाद, बल्लेबाजी के लिए ऑस्ट्रेलिया की बारी आई लेकिन कंगारू बल्लेबाज दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों के आगे पूरी तरह सरेंडर नजर आए और महज 42.3 ओवर में पूरी टीम 99 के स्कोर पर ऑल आउट हो गई।
ऑस्ट्रेलिया (Australia) के कप्तान स्टीव स्मिथ ने सबसे ज्यादा 28 रन बनाए। वहीं, ट्रेविस हेड और मार्नस लाबुशेन के बल्ले से 14-14 रन आए। दक्षिण अफ्रीका की तरफ से मार्को जानसेन ने सबसे ज्यादा 5 विकेट लिए।
दक्षिण अफ्रीका को हासिल हुई 326 की बढ़त, Australia को मिला फॉलोऑन
दक्षिण अफ्रीका को अपनी पहली पारी के स्कोर के आधार पर 326 रनों की बढ़त हासिल हुई, जिसके बाद कप्तान टेम्बा बावुमा ने ऑस्ट्रेलिया (Australia) को फॉलोऑन खेलने पर मजबूर किया। दूसरी पारी में भी ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत कुछ खास नहीं रही और निक मैडिंसन 8 रन बनाकर चलते बने। इसके बाद, दूसरे विकेट के लिए ट्रैविस हेड और मार्नस लाबुशेन ने 92 रन जोड़कर स्कोर को 100 तक पहुंचाया।
लाबुशेन 39 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद जल्दी-जल्दी दो और झटके लगे। मैट रेनशॉ 11 रन बनाकर पवेलियन लौटे। वहीं, ब्यू वेब्स्टर 8 रन बनाकर आउट हुए। हालांकि, हेड ने एक छोर संभाले रखा और स्टंप्स तक 87 रन बनाकर नाबाद रहे। उनके साथ स्कॉट बोलैंड भी 2 के निजी स्कोर पर नाबाद लौटे।
170 रन से पीछे ऑस्ट्रेलिया, 6 विकेट बाकी
चौथे दिन का खेल समाप्त होने तक 54 ओवर में ऑस्ट्रेलिया (Australia) ने 156/4 का स्कोर बनाया। कंगारू टीम अभी भी 170 रन पीछे है और अब उसके सिर्फ 6 विकेट शेष हैं। अंतिम दिन का खेल काफी रोचक होने वाला है। बारिश नहीं आई तो फिर ऑस्ट्रेलिया को कोई चमत्कार ही बचा सकता है।
यह भी पढ़ें: कप्तान श्रेयस अय्यर ने मीडिया के सामने किया साफ, बताया न्यूजीलैंड में वैभव सूर्यवंशी को मौका मिलेगा या नहीं
Tagged:
south africa cricket team Temba Bavuma Marco Jansen steve smith australia cricket team Travis Head