IPL 2026 के बीच काव्या मारन की टीम के खिलाड़ी ने किया बड़ा फैसला, रेड बॉल क्रिकेट को कहा अलविदा

Published - 14 May 2026, 03:28 PM | Updated - 14 May 2026, 03:30 PM

IPL 2026

IPL 2026 के रोमांच के बीच इंग्लैंड के अनुभवी स्पिन ऑलराउंडर लियाम डॉसन ने अपने करियर को लेकर बड़ा फैसला लिया है।

36 वर्षीय इंग्लिश स्पिन ऑलराउंडर लियाम डॉसन ने तत्काल प्रभाव से फर्स्ट क्लास क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है। हालांकि, वह व्हाइट बॉल क्रिकेट खेलना जारी रखेंगे और दुनियाभर की टी20 लीग में नज़र आते रहेंगे।

SA20 लीग में काव्या मारन की टीम सनराइजर्स ईस्टर्न केप का हिस्सा रहे डॉसन का यह फैसला इसलिए भी चर्चा में है, क्योंकि वह अभी भी सीमित ओवरों के क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं।

IPL 2026 के रोमांच के बीच खत्म हुआ शानदार रेड बॉल करियर

लियाम डॉसन इंग्लैंड के घरेलू क्रिकेट के सबसे भरोसेमंद खिलाड़ियों में गिने जाते हैं। उन्होंने अपने फर्स्ट क्लास करियर में 218 मुकाबले खेले और 351 पारियों में 34.48 की औसत से 10828 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 18 शतक और 56 अर्धशतक निकले, जबकि उनका सर्वोच्च स्कोर 171 रन रहा।

गेंदबाजी में भी उनका रिकॉर्ड बेहद शानदार रहा। डॉसन ने 284 पारियों में 32.31 की औसत से 380 विकेट हासिल किए। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 12/130 रहा।

उन्होंने तीन बार मैच में 10 विकेट लेने का कारनामा किया, जबकि 15 बार पांच विकेट हॉल अपने नाम किए। हैम्पशायर के लिए उनका योगदान इतना बड़ा रहा कि क्लब के इतिहास में उन्हें महान खिलाड़ियों में गिना जाता है।

इंग्लैंड के लिए सीमित मौके, लेकिन छोड़ी अलग पहचान

लियाम डॉसन को इंग्लैंड की टेस्ट टीम में ज्यादा मौके नहीं मिले, लेकिन जब भी उन्हें मौका मिला उन्होंने उपयोगी प्रदर्शन किया। उन्होंने 2016-17 में भारत के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया था।

अपने पूरे करियर में उन्होंने इंग्लैंड के लिए सिर्फ चार टेस्ट मैच खेले, जिसमें आठ विकेट लेने के अलावा 110 रन भी बनाए। बल्लेबाजी में उनका सर्वोच्च स्कोर नाबाद 66 रन रहा।

इसके अलावा डॉसन ने इंग्लैंड के लिए 9 वनडे और 32 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले भी खेले। टी20 इंटरनेशनल में उन्होंने 32 विकेट हासिल किए, जबकि वनडे क्रिकेट में भी अपनी स्पिन गेंदबाजी से टीम को अहम सफलताएं दिलाईं।

वह 2019 वर्ल्ड कप जीतने वाली इंग्लैंड टीम का भी हिस्सा थे, जहां उन्हें बैकअप स्पिनर के तौर पर शामिल किया गया था।

SA20 और फ्रेंचाइजी क्रिकेट में जारी रहेगा सफर

फर्स्ट क्लास क्रिकेट से संन्यास लेने के बावजूद डॉसन का फ्रेंचाइज़ी क्रिकेट करियर जारी रहेगा। वह SA20 में सनराइजर्स ईस्टर्न केप के लिए खेलते हैं और पिछले सीजन में शानदार प्रदर्शन कर चुके हैं। 2024-25 सीजन में उन्होंने 14 विकेट हासिल किए थे और बल्ले से भी उपयोगी रन बनाए थे।

डॉसन दुनियाभर की टी20 लीग में लगातार एक्टिव रहे हैं। उन्होंने 344 टी20 मुकाबलों में 2954 रन बनाए हैं और 288 विकेट भी लिए हैं। वहीं लिस्ट ए क्रिकेट में उनके नाम 3879 रन और 184 विकेट दर्ज हैं।

सीमित ओवरों के क्रिकेट में उनके अनुभव और ऑलराउंड प्रदर्शन को देखते हुए माना जा रहा है कि आने वाले समय में भी उनकी मांग फ्रेंचाइजी क्रिकेट में बनी रहेगी।

संन्यास पर लियाम डॉसन ने क्या कहा?

अपने फैसले को लेकर लियाम डॉसन ने कहा कि यह फैसला उन्होंने काफी सोचने के बाद लिया है। उनके मुताबिक व्हाइट बॉल क्रिकेट में अपने करियर को आगे बढ़ाने के लिए यह सही समय है। उन्होंने कहा कि हैम्पशायर हमेशा उनका घर रहेगा और वह टीम के लिए व्हाइट बॉल क्रिकेट खेलते रहेंगे।

डॉसन ने फैंस और टीम मैनेजमेंट का धन्यवाद करते हुए कहा कि हैम्पशायर के लिए 200 से ज्यादा फर्स्ट क्लास मैच खेलना उनके करियर की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक है।

वहीं क्लब के क्रिकेट डायरेक्टर जाइल्स व्हाइट ने भी कहा कि डॉसन जैसे खिलाड़ी की कमी को भर पाना बेहद मुश्किल होगा, क्योंकि उन्होंने कई सालों तक टीम के लिए शानदार योगदान दिया है।

ये भी पढ़े : IPL Playoff Scenario: RCB की जीत के बाद साफ हुआ टॉप-4 की तस्वीर, अब इन चार टीमों का प्लेऑफ में जाना लगभग तय

Tagged:

cricket news sa20 league England Cricket Liam Dawson
Vasu Jain

मुझे क्रिकेट से गहरा लगाव है और मैं वर्ष 2007 से इस खेल को लगातार देखता और समझता आ रहा हूँ। क्रिकेट... रीड मोर

For fastest livescore in India
hindi.cricketaddictor.com