टेस्ट में एक ओवर में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले 5 बल्लेबाज, नंबर-1 वाले का रिकॉर्ड तोड़ना नामुमकिन

Published - 09 Aug 2026, 02:02 PM | Updated - 09 Aug 2026, 03:30 PM

Test 2

Most runs in single over of Test Cricket: क्रिकेट का सबसे पुराना फॉर्मेट टेस्ट है। आज भी यह प्रारूप सबसे मुश्किल माना जाता है। कई दिग्गज ऐसे हुए, जिन्होंने व्हाइट बॉल क्रिकेट में खूब सफलता हासिल की लेकिन उनका टेस्ट करियर ज्यादा खास नहीं रहा। इसका बड़ा उदाहरण टीम इंडिया के दिग्गज युवराज सिंह हैं, जो सीमित ओवरों में हिट रहे लेकिन रेड बॉल क्रिकेट में सफलता हासिल नहीं कर पाए। क्रिकेट के सबसे बड़े फॉर्मेट में बल्लेबाजों की तकनीक और धैर्य की असली परीक्षा होती है।

हालांकि, कई बार ऐसा भी माहौल बन जाता है, जब बल्लेबाज काफी आक्रामक अंदाज में गेंदबाजों की धुनाई करना शुरू कर देते हैं। अगर हम टेस्ट (Test) में एक ओवर में गेंदबाज द्वारा सबसे ज्यादा रनों की संख्या की बात करें तो यह 35 है, लेकिन बल्लेबाज ने अभी तक अधिकतम 29 रन ही बनाए हैं। ऐसे में हम उन 5 बल्लेबाजों की जानकारी देने जा रहे हैं, जिन्होंने टेस्ट में के ओवर में सबसे ज्यादा रन बनाए हैं।

इन 5 खिलाड़ियों के नाम दर्ज है Test के एक ओवर में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड

5. हैरी ब्रूक

Test 3

इंग्लैंड के उपकप्तान हैरी ब्रूक टेस्ट (Test) में कई बार अपनी आक्रामक बल्लेबाजी का नजारा पेश कर चुके हैं। उनके पास कई जबरदस्त शॉट हैं, जिनसे वो टेस्ट में भी फैंस को टी20 का मजा दिला देते हैं। ब्रूक ने 2022 में पाकिस्तान के खिलाफ खेले गए पहले टेस्ट में इंग्लैंड की पहली पारी के दौरान जाहिद महमूद को निशाना बनाते हुए उनके खिलाफ 27 रन जड़े थे। ब्रूक ने दो छक्के, तीन चौके और आखिरी में तीन रन लिए थे।

4. शाहिद अफरीदी

पाकिस्तान के ऑलराउंडर शाहिद अफरीदी अपनी तूफानी बल्लेबाजी के लिए दुनिया भर में मशहूर थे। उन्होंने अपने करियर के दौरान गेंदबाजों के छक्के छुड़ाने का काम किया था। अफरीदी ने लाहौर में भारत के खिलाफ खेले गए टेस्ट (Test) में 80 गेंदों में 103 रनों की पारी खेली थी। इसी पारी एक दौरान उन्होंने टीम इंडिया के हरभजन सिंह को निशाना बनाते हुए उनके ओवर में 27 रन बटोरे थे। भज्जी के ओवर में अफरीदी ने लगातार चार छक्के लगाए थे और फिर अंतिम दो गेंदों पर तीन रन बटोरे थे।

3. जॉर्ज बेली

ऑस्ट्रेलिया के जॉर्ज बेली भी टेस्ट (Test) के एक ओवर में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट का हिस्सा हैं। बेली ने इंग्लैंड के दिग्गज गेंदबाज जेम्स एंडरसन के एक ओवर में 28 रन बटोरे थे। उन्होंने यह कारनामा 2013 में पर्थ टेस्ट के दौरान किया था। एंडरसन के ओवर में बेली ने तीन छक्के और दो चौके जड़ने के साथ ही दो रन भी लिए थे।

2. ब्रायन लारा

टेस्ट में एक ओवर में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में वेस्टइंडीज के ब्रायन लारा दूसरे स्थान पर हैं। 2003 में वेस्टइंडीज के दक्षिण अफ्रीका दौरे के पहले टेस्ट (Test) में लारा ने शानदार दोहरा शतक जड़ा था। अपनी इस पारी के दौरान बाएं हाथ के बल्लेबाज ने दक्षिण अफ्रीका के स्पिनर रॉबिन पीटरसन को जमकर धोया और उनके एक ओवर में 28 रन बटोरे थे। इस दौरान लारा ने दो छक्के और चार चौके लगाए थे।

1. जसप्रीत बुमराह

तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने अपनी गेंदबाजी के दम पर दुनिया भर में वाहवाही हासिल की लेकिन 2022 में इंग्लैंड के खिलाफ बर्मिंघम में खेले गए मुकाबले में बुमराह ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से सभी को तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया। बुमराह ने स्टुअर्ट ब्रॉड को निशाना बनाया और उनके ओवर में 29 रन जड़ दिए। बुमराह ने चार चौके, दो छक्के और एक सिंगल लिया था। ओवर में कुल 35 रन आए थे लेकिन छह रन एक्स्ट्रा के थे। गेंदबाज के लिहाज से टेस्ट इतिहास का यह सबसे महंगा ओवर भी है।

यह भी पढ़ें: श्रीलंका टेस्ट सीरीज खेलकर संन्यास का ऐलान कर सकता ये भारतीय खिलाड़ी, पिछले 17 सालों से खेल रहा इंटरनेशनल क्रिकेट

Prashant

प्रशांत कुमार क्रिकेट लेखक हैं, जिन्होंने 2019 में स्पोर्ट्स पत्रकारिता में कदम रखा और इसके बाद इसी... रीड मोर

For fastest livescore in India
hindi.cricketaddictor.com